मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के मैच में सबकी नजर मयंक यादव पर टिकी थीं। मयंक यादव की धमाकेदार वापसी ने मैदान में तहलका मचा दिया। लंबे इंतजार के बाद जब मयंक मैदान पर लौटे, तो उन्होंने अपनी स्पीड से सभी को चौंका दिया। मयंक ने सिर्फ तेज गेंदबाजी ही नहीं दिखाई, बल्कि रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या जैसे दिग्गज बल्लेबाजों को भी पवेलियन का रास्ता दिखाया। याद दिला दें, पिछले सीजन में मयंक ने अपनी रफ्तार से खूब सुर्खियां बटोरी थीं और लगातार दो मैचों में मैन ऑफ द मैच बने थे। इसके बाद उन्होंने टीम इंडिया में टी20 डेब्यू भी किया था।
शुरुआत से ही दिखा रफ्तार का कहर
जैसे ही मयंक ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ पहला ओवर फेंका, उनकी रफ्तार देखने लायक थी। उन्होंने पहली गेंद रेयान रिकल्टन को 142 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से डाली। अगली दो गेंदें भी 141 किमी प्रति घंटे की स्पीड पर रहीं। पहले ओवर में रफ्तार का जोरदार प्रदर्शन करने के बाद मयंक तीसरे ओवर में फिर आए। पहली ही गेंद पर रोहित शर्मा ने छक्का लगाया। दूसरी गेंद भी 141 किमी प्रति घंटे की थी और इस पर भी रोहित ने एक और छक्का जड़ दिया।
धीमी गेंद से पलटा मैच का मूड
दो छक्के खाने के बाद मयंक ने शानदार वापसी की। उन्होंने अपनी रफ्तार कम करते हुए अगली गेंद 120 किमी प्रति घंटे की डाली। रोहित ने इसे स्टियर करने की कोशिश की, लेकिन गेंद दूर नहीं गई। पास में खड़े प्रिंस यादव ने कैच पकड़ लिया और रोहित का खेल खत्म हो गया। रोहित ने 5 गेंदों में महज 12 रन बनाए। इसी के साथ मयंक को उनकी वापसी का पहला विकेट मिल गया।
हार्दिक पांड्या को भी किया चलता
मयंक यहीं नहीं रुके। उन्होंने 16वें ओवर में मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या को भी क्लीन बोल्ड कर दिया। अपनी रफ्तार और चतुराई के शानदार कॉम्बिनेशन से मयंक ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह बड़े मौकों के खिलाड़ी हैं।