गर्मी के मौसम में तरबूज खाना बहुत ही सुकून देने वाला होता है। इसका ठंडा-ठंडा रस और मीठा स्वाद दिल को ताज़ा कर देता है। लेकिन अगर आप भी उन लोगों में से हैं जो तरबूज को एक बार में पूरा नहीं खाते और कटे हुए हिस्से को फ्रिज में रखकर कई दिनों तक इस्तेमाल करते हैं, तो ये आदत आपके लिए नुकसानदायक हो सकती है।
चलिए जानते हैं कि कटा हुआ तरबूज लंबे समय तक फ्रिज में रखने से क्या-क्या समस्याएं हो सकती हैं और क्या सावधानियां जरूरी हैं।
कटा हुआ तरबूज कब बन सकता है खतरनाक?
तरबूज वैसे तो हेल्दी फल है, लेकिन जब इसे काटकर फ्रिज में रख दिया जाता है, तो इसमें बैक्टीरिया पनपने की संभावना बढ़ जाती है। कई शोधों में ये साबित हो चुका है कि अगर कटे हुए तरबूज को सही तरीके से स्टोर न किया जाए, तो यह सैल्मोनेला, लिस्टेरिया और ई. कोलाई जैसे हानिकारक बैक्टीरिया का अड्डा बन सकता है।
तरबूज के छिलके से गूदे तक बैक्टीरिया कैसे पहुंचते हैं?
तरबूज की खेती ज़मीन के बहुत करीब होती है। इसकी वजह से इसके छिलकों पर मिट्टी, गंदगी और पानी के जरिए बैक्टीरिया आ सकते हैं। जब हम बिना धोए तरबूज को काटते हैं, तो चाकू के जरिए ये बैक्टीरिया सीधे फल के अंदर पहुंच जाते हैं। गूदे में मौजूद शक्कर और पानी इन बैक्टीरिया के लिए अनुकूल वातावरण बनाते हैं, जिससे वे तेज़ी से बढ़ने लगते हैं।
कमरे के तापमान पर कटा हुआ तरबूज ज्यादा खतरनाक
अगर आप कटे हुए तरबूज को कमरे के तापमान (लगभग 28°C) पर दो घंटे से ज़्यादा छोड़ देते हैं, तो उसमें बैक्टीरिया की ग्रोथ बहुत तेजी से होती है। 2024 में पब्लिश हुई एक स्टडी के अनुसार, ऐसे तापमान पर 24 घंटे के अंदर तरबूज में बैक्टीरिया की मात्रा 0.15 लॉग CFU/g से बढ़कर 3.26 लॉग CFU/g हो गई।
यानी केवल एक दिन में बैक्टीरिया की संख्या कई गुना बढ़ सकती है, जिससे फूड पॉइज़निंग का खतरा काफी बढ़ जाता है।
फ्रिज में भी पूरी तरह सुरक्षित नहीं होता कटा हुआ तरबूज
लोग मानते हैं कि फ्रिज में रखने से चीज़ें खराब नहीं होतीं, लेकिन ये पूरी तरह सच नहीं है। फ्रिज के तापमान (लगभग 4°C) पर बैक्टीरिया की ग्रोथ धीमी जरूर होती है, लेकिन रुकती नहीं है। इसीलिए फ्रिज में भी कटे हुए तरबूज को लंबे समय तक रखना ठीक नहीं माना जाता।
अगर आपने तरबूज को काटकर 1-2 दिन के अंदर नहीं खाया, तो उसमें बैक्टीरिया का स्तर धीरे-धीरे बढ़ सकता है।
क्या हो सकते हैं नुकसान?
अगर आप लंबे समय से फ्रिज में रखे कटे हुए तरबूज को खा लेते हैं, तो आपको कुछ गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं:
- पेट में दर्द और ऐंठन
- उल्टी और दस्त
- भूख न लगना
- बुखार और मांसपेशियों में दर्द (लिस्टेरिया इंफेक्शन के कारण)
खासकर गर्भवती महिलाएं, छोटे बच्चे, बुजुर्ग और जिनकी इम्युनिटी कमजोर है, उन्हें ऐसे तरबूज से अधिक खतरा हो सकता है। लिस्टेरिया इंफेक्शन उनके लिए जानलेवा भी बन सकता है और उन्हें तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।