हरियाणा के कुरुक्षेत्र में जारी 1000 कुंडीय महायज्ञ का माहौल उस वक्त हिंसक हो गया जब खाने को लेकर हुए विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। आयोजन स्थल केशव पार्क में बासी भोजन पर आपत्ति जताने वाले युवकों और आयोजकों के बीच तीखी बहस शुरू हुई, जो जल्द ही उग्र झड़प में बदल गई। बात इतनी बिगड़ी कि स्वामी हरि ओम दास के निजी सुरक्षा कर्मियों पर तीन लोगों को गोली मारने का आरोप लगा है।
तीन युवक घायल हुए, एक की हालत नाजुक
गोली लगने से तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से आशिष तिवारी नामक युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना के बाद आक्रोशित भीड़ ने कुरुक्षेत्र-कैथल रोड पर जाम लगा दिया और पथराव शुरू कर दिया। हालात को काबू में करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया, लेकिन क्षेत्र में अब भी तनाव बना हुआ है।
यज्ञ सम्राट का भव्य आयोजन, लेकिन अब सवालों के घेरे में
यह महायज्ञ 18 मार्च से 27 मार्च तक चलने वाला था, जिसमें हर दिन 1 लाख आहुतियां डाली जा रही थीं। इसे स्वामी हरि ओम दास आयोजित कर रहे थे, जिन्हें ‘यज्ञ सम्राट’ के रूप में जाना जाता है। वे देशभर में 101 महायज्ञ करवा चुके हैं और 108 महायज्ञ पूरे करने का संकल्प लिया है। इस आयोजन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली, मुख्यमंत्री की पत्नी सुमन सैनी और पूर्व मंत्री सुभाष सुधा जैसे कई बड़े नेता भी शामिल हो चुके हैं।
अब इस महायज्ञ पर भक्ति से ज्यादा विवादों का साया मंडराने लगा है। पुलिस ने शांति बनाए रखने की अपील की है और जांच शुरू कर दी है।