पटना। बिहार की राजधानी पटना से एक बड़ी खबर सामने आई है। आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव अचानक पटना के पारस अस्पताल में भर्ती। जानकारी के अनुसार, आज सुबह से ही लालू यादव की तबीयत बिगड़ी थी, और दिल्ली ले जाने की योजना बनाई गई थी। हालांकि, ताजा जानकारी के मुताबिक, उन्हें पटना के पारस अस्पताल में ही भर्ती किया गया है। इस समय उनके साथ उनके बेटे तेजस्वी यादव और परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद हैं।
पारस अस्पताल में डॉक्टर लालू यादव का स्वास्थ्य परीक्षण कर रहे हैं। शुरुआती जांच के बाद यह कहा जा रहा है कि लालू यादव को आज शाम दिल्ली ले जाया जा सकता है। जांच के बाद ही उनका इलाज आगे बढ़ेगा। सूत्रों के मुताबिक, लालू यादव को पटना एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले अस्पताल में चेकअप किया जाएगा। इस दौरान राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव समेत परिवार के सदस्य उनके साथ हैं।
आरजेडी के वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि लालू यादव की तबीयत खराब हो गई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल लाया गया है। फिलहाल डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं और यह कहना मुश्किल है कि वह दिल्ली कब जाएंगे। उनका इलाज डॉक्टर की निगरानी में चल रहा है।
परिवार के करीबी सूत्रों के अनुसार, लालू यादव की सेहत में अचानक गिरावट आई है, जिसके बाद डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें दिल्ली ले जाने की योजना बनाई गई है। उनकी सेहत में सुधार हो चुका था, लेकिन अब एक बार फिर उनकी तबीयत बिगड़ गई है।
लालू यादव की तबीयत बिगड़ने के बाद उनके परिवार के लोग डॉक्टरों के संपर्क में हैं। वहीं, राजद कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भी चिंता का माहौल है, और सभी उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।