भारत के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद सरकार की सख्त प्रतिक्रिया से पाकिस्तान में बेचैनी बढ़ गई है। इसी माहौल में पाकिस्तान ने लेफ्टिनेंट जनरल आसिम मलिक को अपना नया राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) बना दिया है। वो अभी ISI के डायरेक्टर जनरल की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं।
पाकिस्तान में अप्रैल 2022 से NSA का पद खाली था, जब मोईद यूसुफ ने इस्तीफा दिया था। अब भारत के साथ बढ़ते तनाव के बीच आसिम मलिक को ये नई जिम्मेदारी दी गई है।
आसिम मलिक को सितंबर 2024 में ISI का मुखिया बनाया गया था। अपने करियर में उन्होंने बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा जैसे संवेदनशील इलाकों में अहम काम किया है। वो पाकिस्तान मिलिट्री अकादमी से ‘स्वॉर्ड ऑफ ऑनर’ हासिल कर चुके हैं और अमेरिका व ब्रिटेन के टॉप डिफेंस इंस्टीट्यूट्स से पढ़ाई भी की है।
पाकिस्तान ने दावा किया है कि भारत 24 से 36 घंटे के भीतर हमला कर सकता है, इसलिए सुरक्षा को मजबूत करने के लिए ये नियुक्ति की गई है।
उधर, भारत ने भी हाल ही में अपने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बोर्ड में बदलाव किए हैं। रॉ के पूर्व प्रमुख आलोक जोशी को बोर्ड का चेयरमैन बनाया गया है। दोनों देशों में हो रही ये हलचलें पूरे क्षेत्र की स्थिरता के लिहाज से अहम मानी जा रही हैं।