Prajwal Revanna Convicted: पूर्व सांसद और जेडीएस से निलंबित प्रज्वल रेवन्ना को एक विशेष अदालत ने बलात्कार के मामले में दोषी पाया है। यह मामला उन चार मामलों में से एक है जो उनके खिलाफ दर्ज किए गए थे।
कामवाली महिला के साथ किया था गलत काम
यह मामला हासन जिले के होलेनरसीपुरा इलाके के गन्निकाडा फार्महाउस का है। यहां 48 साल की एक महिला हेल्पर के रूप में काम करती थी। महिला ने आरोप लगाया था कि 2021 में प्रज्वल ने उसके साथ दो बार बलात्कार किया और इस घटना का वीडियो भी अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया।
अब अदालत ने उन्हें दोषी ठहराया है और शनिवार को सजा का ऐलान किया जाएगा।
चार मामलों की हो रही है जांच
प्रज्वल रेवन्ना पर कुल चार महिलाओं ने यौन शोषण और बलात्कार का आरोप लगाया है। इन मामलों की जांच के लिए एक स्पेशल टीम यानी SIT बनाई गई है।
पूर्व प्रधानमंत्री के पोते हैं रेवन्ना
प्रज्वल रेवन्ना भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और जेडीएस के वरिष्ठ नेता एच. डी. देवेगौड़ा के पोते हैं।
चुनाव से पहले सामने आए थे अश्लील वीडियो
ये पूरा मामला उस वक्त सामने आया जब हासन में लोकसभा चुनाव (26 अप्रैल 2024) से ठीक पहले प्रज्वल से जुड़े कुछ अश्लील वीडियो वाली पेनड्राइव वायरल हो गई। इससे काफी बवाल मचा।
इसके बाद 31 मई को जब वे जर्मनी से बेंगलुरु एयरपोर्ट पहुंचे, तो SIT ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
चुनाव हारे, पार्टी ने निकाला
2024 के लोकसभा चुनाव में प्रज्वल रेवन्ना को हार का सामना करना पड़ा। आरोप लगने के बाद जेडीएस ने उन्हें पार्टी से सस्पेंड कर दिया।
अब अदालत द्वारा दोषी करार दिए जाने के बाद उनका राजनीतिक करियर गंभीर संकट में पड़ गया है।