नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट में 22 साल के राज अंगद बावा का नाम तेजी से उभर रहा है। आईपीएल 2025 में मुंबई इंडियंस ने उन्हें लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ डेब्यू कराया। राज के दादा त्रिलोचन सिंह बावा 1948 के लंदन ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम के साथ स्वर्ण पदक जीत चुके हैं।
खेल की विरासत में पले-बढ़े राज
राज अंगद बावा एक ऐसे परिवार से हैं जहां खेल को हमेशा अहमियत मिली। उनके पिता सुखविंदर बावा जाने-माने क्रिकेट कोच हैं, जिन्होंने युवराज सिंह और वीआरवी सिंह जैसे खिलाड़ियों को ट्रेनिंग दी। सुखविंदर ने खुद क्रिकेट और हॉकी खेला, लेकिन चोट लगने के बाद उन्होंने पूरी तरह कोचिंग की तरफ रुख किया।
अंडर-19 विश्व कप में राज अंगद बावा का जलवा
राज अंगद बावा पहली बार तब चर्चा में आए जब उन्होंने 2022 में ICC अंडर-19 वर्ल्ड कप में शानदार खेल दिखाया। तेज गेंदबाजी के अलावा बाएं हाथ से ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने भारत को पांचवीं बार वर्ल्ड कप जिताने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। युवराज सिंह को आदर्श मानने वाले राज में बेहतरीन ऑलराउंडर की खूबियां हैं।
घरेलू क्रिकेट में निरंतर शानदार प्रदर्शन
राज बावा घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। 11 फर्स्ट क्लास मैचों में वह 633 रन बना चुके हैं, जिसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 146 रन रहा है और उनका बल्लेबाजी औसत 42 से अधिक है। गेंदबाजी में भी उन्होंने 13 विकेट चटकाए हैं। लिस्ट ए क्रिकेट में भी उन्होंने 11 मैचों में 162 रन बनाए और 12 विकेट लिए, जबकि टी20 क्रिकेट में 20 मैचों में 308 रन बनाने के साथ 22 विकेट हासिल किए हैं।
आईपीएल में नई उम्मीद बनकर उतरे राज
मुंबई इंडियंस जैसे मजबूत फ्रेंचाइजी का हिस्सा बनने के बाद राज अंगद बावा के ऊपर उम्मीदों का दबाव काफी बढ़ गया है। आईपीएल में डेब्यू के साथ ही वे अपने दादा और पिता की खेल विरासत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने निकले हैं। क्रिकेट प्रेमियों और विशेषज्ञों की नजरें इस युवा ऑलराउंडर पर हैं, जिन्हें भारतीय क्रिकेट का अगला बड़ा स्टार माना जा रहा है।