बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता और राजद प्रमुख तेजस्वी यादव ने वक्फ संशोधन विधेयक 2024 पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इस विधेयक को “नागपुर का कानून” करार देते हुए इसे असंवैधानिक बताया और कहा कि उनकी पार्टी इसे कभी स्वीकार नहीं करेगी।
2 अप्रैल को लोकसभा में पेश होगा विधेयक
BJP सरकार 2 अप्रैल को लोकसभा में वक्फ संशोधन विधेयक 2024 पेश करने जा रही है। इसके लिए पार्टी ने अपने सांसदों को सदन में मौजूद रहने के लिए व्हिप जारी कर दिया है।
तेजस्वी यादव का BJP पर हमला
तेजस्वी यादव ने कहा,”हम संविधान में विश्वास रखने वाले लोग हैं, लेकिन भाजपा ‘नागपुर का कानून’ लागू करना चाहती है, जो हमें स्वीकार नहीं है। भारत की खूबसूरती उसकी गंगा-जमुनी तहज़ीब और विविधता में है। इस विधेयक का हमने शुरू से ही संसद के दोनों सदनों और बिहार विधानसभा एवं विधान परिषद में विरोध किया है और आगे भी करते रहेंगे। यह विधेयक हमें किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं है।”
लालू प्रसाद यादव भी उतरे विरोध में
तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि लालू प्रसाद यादव ने भी अपनी खराब स्वास्थ्य स्थिति के बावजूद इस विधेयक के विरोध में हिस्सा लिया। इससे स्पष्ट है कि राजद इस बिल का हर स्तर पर विरोध करेगा।
बिल पर क्या है BJP का पक्ष?
BJP सरकार इस विधेयक को बुधवार को लोकसभा में पेश करेगी। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने मंगलवार को बताया कि प्रश्नकाल के बाद विधेयक पर चर्चा और मतदान होगा।
BJP नेताओं को विधेयक की जानकारी देने के लिए पार्टी मुख्यालय में एक विशेष बैठक हुई, जिसमें किरेन रिजिजू ने बताया कि यह विधेयक मुस्लिम समुदाय के लिए लाभकारी होगा।
क्या है आगे की रणनीति?
राजद और अन्य विपक्षी दल इस विधेयक का विरोध जारी रखने की रणनीति बना रहे हैं। बिहार में भी इसे लेकर विरोध प्रदर्शन हो सकते हैं। अब सबकी नजरें इस पर हैं कि लोकसभा में बिल पर बहस और मतदान के दौरान क्या होता है?